Thursday 14 August 2014

(5.1.2) How to know Name Sign (Naam Rashi) in Hindi


अपनी राशि जानिए Know your Rashi by name / How to know Rashi by name
(For English translation click here) 
भारतीय ज्योतिष के अनुसार किसी भी प्रकार के मुहूर्त यथा विवाह, गृह  निर्माण, गृह प्रवेश, नया व्यापार शुरू करना, वाहन खरीदना आदि के लिए  अन्य बातों के साथ  व्यक्ति की राशि (जन्म राशि / नाम राशि ) को भी  ध्यान में रखा जाता है।  इसी से चन्द्र शुद्धि देखी जाती है।यहाँ नाम राशि जानने का तरीका दिया हुआ है। 

राशि का निर्धारण नाम के प्रथम अक्षर के आधार पर किया जाता है। राशियों और उनसे सम्बंधित अक्षरों का विवरण इस प्रकार है -

१.  मेष राशि - चु, चे, चो , ला, लू, ले लो, अ। (इस राशि में 'ल' अक्षर की  पूरी बारहखड़ी (अर्थात 'ल' अक्षर से बनने वाले सभी अक्षर) तथा  अ, आ, अं, चु, चे, चो, चौ,अक्षरों को शामिल किया जाता है।)

२. वृषभ राशि - ई, उ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो।  ( इस राशि में 'व' और 'ब' अक्षरों की पूरी बारहखड़ी को तथा     ई, इ, उ, ऊ, ए, ऐ, ओ, औ अक्षरों को शामिल किया जाता है।)

३. मिथुन राशि - का, की, कु, घ, ङ, छ, के, को, ह। ( इस राशि में क, घ, ङ, छ  अक्षरों की पूरी बारहखड़ी तथा ह, हं, हा अक्षरों को शामिल किया जाता है। ) 

४. कर्क राशि - ही, हु, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो।    ( इस राशि में 'हि, ही, हु, हू, हे, है, हो, हौ' अक्षर  तथा 'ड' अक्षर  की  पूरी  बारहखड़ी को शामिल किया जाता है। )

सिंह राशि - मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे। (इस राशि में 'ट, टा, टं, टि, टी, टू, टे, टै' अक्षर तथा 'म 'अक्षर की  पूरी  बारहखड़ी को शामिल किया जाता है। )

६. कन्या राशि - टो, प (प्र ), पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो।   ( इस राशि में टो, टौ अक्षर तथा प, ठ, ष, ण अक्षरों  की  पूरी  बारहखड़ी को शामिल किया जाता है। ) 

७.  तुला राशि - रा, री, रू, रे, रो, ता , ती, तू, ते। ( इस राशि में "र "  अक्षर  की  पूरी  बारहखड़ी के बारह अक्षर तथा त, तं, ता, ति, ती, तू, ते, तै , त्र, त्रि  अक्षरों  को शामिल किया जाता है। ) 

८. वृश्चिक राशि - तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू। ( इस राशि में "न"  अक्षर  की  पूरी  बारहखड़ी के बारह अक्षर तथा 'तो, तौ, य, यं, यि, यु, यू' अक्षरों  को शामिल किया जाता है। ) 

९.  धनु राशि - ये, यो, भ, भी, भू, ध, फ, ढ, भे।  ( इस राशि में "ध, फ, ढ " अक्षरों   की  पूरी  बारहखड़ी के बारह अक्षर तथा ये, यै, यो, यौ, भ, भं, भा, भि, भी, भु, भू, भे, भै को शामिल किया जाता है। ) 

१०.  मकर राशि - भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, ग, गी।   ( इस राशि में "ज, ख " अक्षरों  की  पूरी  बारहखड़ी के बारह अक्षर तथा 'भो, भौ, ग, गं, गा, गि, गी',अक्षरों  को शामिल किया जाता है। ) 

११.  कुम्भ राशि - गु, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, द।  ( इस राशि में "स, श  "अक्षरों   की  पूरी  बारहखड़ी के बारह अक्षर तथा 'गु, गू, गे, गै, गो, गौ, द, दं, दा' अक्षरों  को शामिल किया जाता है। ) 

१२.  मीन राशि - दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची।  ( इस राशि में "थ, झ, ञ "अक्षरों   की  पूरी  बारहखड़ी के बारह अक्षर तथा 'दि, दी, दु, दू, दे, दै, दो, दौ, च, चं, चा, चि, ची' अक्षरों  को शामिल किया जाता है। ) 

विशेष ( जानने योग्य बातें ) - 
(१) राशि जानने के लिए हिन्दी की वर्ण माला के अक्षरों को ही ध्यान में रखा जाता है न कि अँग्रेजी की वर्ण माला के अक्षरों को।क्योंकि हिंदी की वर्ण माला के अक्षरों और अँग्रेजी की वर्ण माला के अक्षरों अन्तर आ जाता है जिससे राशि बदल जाती है।  जैसे -  Darasingh (दारासिंह)  तथा Darvin (डार्विन) दोनों नाम अँग्रेजी के 'D' अक्षर के प्रारम्भ होते हैं परन्तु इन नामों के प्रथम अक्षर क्रमशः "दा' और 'डा' हैं, और इन्ही अक्षरों को ध्यान में रख कर 'दारासिंह' की राशि कुम्भ होगी जबकि डार्विन की राशि कर्क होगी। 
(२) अकारान्त अक्षर हो या आकारान्त, राशि बनाने के लिए इनमें भेद नहीं किया जाता है अर्थात  'अकार' और 'आकार' परस्पर तुल्य समझे जाते हैं, अतः इनसे प्रारम्भ होने वाले नाम की राशि भी समान ही होती है, जैसे - 'रमा' और 'राम', दोनों ही नाम की राशि तुला होगी। कमला और कान्ता की राशि मिथुन होगी।
इसी प्रकार  'इकार' और 'ईकार' तथा 'उकार' और 'ऊकार' तथा 'एकार' और ऐकार' तथा 'ओकार' और 'औकार' परस्पर तुल्य समझे जाते हैं, अतः इनसे प्रारम्भ होने वाले नाम की  राशि समान होती है। जैसे - इन्दिरा और ईश्वर इन दोनों की राशि वृषभ होगी ,किरण और कीर्ति की राशि मिथुन होगी।इसी तरह भुवनेश और भूपेन्द्र की राशि धनु होगी।
(३) 'व' और 'ब' ये दोनों अक्षर समान मने जाते हैं, इन दोनों अक्षरों की पूरी बारह खड़ी की राशि वृषभ होगी। जैसे - वरुण ,वासु , विवेक ,वेदप्रकाश ,वंदना, विजया, वैदेही , बलराम, बीरबल, बाबूलाल, बीना आदि नामों की राशि वृषभ होगी।
(४) 'स' और 'श' ये दोनों अक्षर समान माने गये हैं, इन दोनों अक्षरों की पूरी बारह खड़ी की राशि कुम्भ होगी। जैसे - संजय,सुजान, साधना , सीमा, शशिकांत, शिवराज ,शीला आदि। परन्तु 'ष' अक्षर से प्रारम्भ होने वाले नामों की राशि, 'कन्या' होगी, जैसे - षडानन की राशि कन्या होगी।
(५) जो नाम संयुक्त अक्षर से प्रारम्भ हो ,उसका आदि वर्ण (मात्रा सहित) ग्रहण करके उसके अनुसार ही राशि बनती है, जैसे - ज्ञानचंद की राशि मकर, द्वारिका की राशि कुम्भ, द्रोपदी (इसमें मात्रा सहित आद्याक्षर 'दो' ग्रहण किया जायेगा अतः  'द्रोपदी' / द्रौपदी) की राशि मीन होगी।
राशि वार उदाहरण  राशि के निर्धारण में किसी व्यक्ति के नाम के पहले अक्षर को ध्यान में रखा जाता है।  नीचे कुछ नामों की राशियां दी हुई है -
. अंगद, आम्रपाली, लादू राम, लेखराज की मेष राशि होगी। 
२. एकता, उमेश, वनराज, बबीता, बालू राम, बीरबल की वृषभ राशि  होगी।
.कृष्ण, कृपाशंकर, कमलेश, केकैयी, हरिशंकर, घनश्याम ,छत्रपाल, छीतरमल, हंसराज, घीसालाल की मिथुन राशि होगी। 
४. हेमराज, होनहार, डालुराम की कर्क राशि होगी।  
५.मनराज,मनीष ,मामराज, मूमल, मंगतराम,टीकम की सिंह राशि होगी। ६.टोडरमल, पंकज, प्रियंका, प्रह्लाद, पोपट, षड़ानन की कन्या राशि होगी। 
७. रंग लाल, तिलोक, त्रिलोक, त्र्यंबकम  की तुला राशि होगी। 
८. तोताराम, नरींगाराम, नारायण, यशवंत, युवराज की वृश्चिक राशि होगी।९. योगेश, भंवरलाल, भूपाल सिंह, भैरू सिंह, धीरज, धनराज, फूलचंद की धनु राशि होगी। 
१०.गंगा, गिरिराज, जीवराज, खीवराज, ज्ञानचंद, खेमराज, भोजराज की मकर राशि होगी। 
११.गुंजन, गोवर्धन, सत्यप्रकाश, शराफत, दलपत, दानमल, श्रवण, दादू दयाल, दयाल की कुम्भ राशि होगी। 
१२. दीनदयाल, दौलतराम, द्रोपदी, द्रोण, चन्दालाल, थानमल, झवेरीवाल, चिंतामणि की मीन राशि होगी।