Thursday 30 May 2024

(7.1.27) जन्म राशि और नाम राशि Janma Rashi aur Naam Rashi me Antar

 जन्म राशि और नाम राशि Janma Rashi aur Naam Rashi me Antar कब जन्म राशि का प्रयोग करें और कब नाम राशि का

जन्म राशि और नाम राशि में अंतर व प्रधानता 

कई लोगों के दो नाम होते हैं एक होता है प्रचलित नाम जिसे हम बोलता नाम भी कहते हैं और दूसरा होता है जन्म नाम। इस प्रकार जब किसी व्यक्ति को दोनों नाम ज्ञात होते हो तो उसे यह भ्रम हो जाता है कि किस नाम को ज्यादा प्राथमिकता दें?

जन्म नाम और प्रचलित नाम में अंतर 

जातक के जन्म के समय जिस नक्षत्र के जिस चरण में जन्म होता है उसी चरण के अनुसार ही नाम रखा जाता है और इस चरण के अनुसार रखा जाने वाला नाम ही जन्म नाम कहलाता है।

जातक के जन्म के समय चंद्रमा जिस राशि पर स्थित होता है वही राशि उसकी जन्म राशि होती है। 

जबकि जातक के जन्म के समय के नक्षत्र चरण व चंद्रमा की राशि का बिना ध्यान रखें जो नाम रखा जाता है वह प्रचलित नाम या बोलता नाम कहलाता है। और इस प्रचलित नाम के पहले अक्षर के अनुसार जो राशि बनती है वही प्रचलित नाम राशि कहलाती है।

जन्म राशि व प्रचलित नाम राशि की प्रधानता (यानि कहाँ या कब जन्म राशि का प्रयोग करना चाहिए और कहां प्रचलित नाम राशि का प्रयोग करना चाहिए)

जन्म राशि तथा नाम राशि के प्रतिफल में अंतर आता है। सभी विषयों में जन्म राशि की प्रधानता नहीं रहती है और न ही सब जगह नाम राशि की प्रधानता रहती है।

कब और कहां जन्म राशि का और कब और कहां नाम राशि का प्रयोग किया जाए

इसके लिए शास्त्रीय वचन इस प्रकार है विवाह कार्य, सभी मांगलिक कार्य, विशेष यात्रा का मुहूर्त, दिनमान, ग्रह गोचर, दिन दिशा हेतु जन्म राशि से ही विचार करना चाहिए।

जबकि प्रचलित नाम राशि के लिए शास्त्रीय वचन यह है कि देशग्रामवासगृह प्रवेश, नगर वास, युद्ध, सेवा, न्यायालय, रजिस्ट्रीकरण, मित्रता, व्यापार आदि में प्रचलित नाम राशि से ही विचार करना चाहिए। इन कार्यों में जन्म राशि का विचार करना योग्य नहीं है यानि इन कार्यों या विषयों में  जन्म राशि ज्ञात हो तो भी नाम राशि का ही विचार करना चाहिए।

लेकिन किसी व्यक्ति का जन्म नाम व प्रचलित नाम एक ही हो तो उसी नाम और उसी राशि से संपूर्ण कार्यों का विचार किया जाता है।

लेकिन यदि किसी व्यक्ति को उसका जन्म नाम ज्ञात नहीं हो तो उसके सभी कार्यों में प्रचलित नाम व प्रचलित नाम राशि से ही विचार किया जाता है।